सलूंबर जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देश पर झल्लारा थाना पुलिस ने कराकला नदी क्षेत्र से अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर डूंगरपुर जिले के एक युवक को हिरासत में लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला एवं वृत्ताधिकारी सलूंबर हेरम्ब जोशी के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी जयकिशन फुलवारिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कराकला नदी की ओर से बजरी से भरा ट्रैक्टर गांव की तरफ आ रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने कराकला नदी मार्ग पर नाकाबंदी कर दी।
नाकाबंदी के दौरान नदी की ओर से आते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम लवजी पिता जितेंग पटेल (30), निवासी पटेल बस्ती करकोली, थाना आसपुर, जिला डूंगरपुर बताया। जांच करने पर ट्रॉली में करीब 4 टन अवैध बजरी पाई गई। चालक बजरी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने इस मामले को माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन मानते हुए बिना नंबर के महिंद्रा 275 DI XP प्लस ट्रैक्टर व ट्रॉली को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है।
आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच हेड कांस्टेबल अशोक (79) को सौंपी गई है। कार्रवाई में थानाधिकारी जयकिशन फुलवारिया, हेड कांस्टेबल भरत कुमार, कांस्टेबल नीरज पाटीदार, मयंक पाटीदार एवं यशपाल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।