सलूंबर में पॉलीहाउस खेती से किसानों को संबल खीरे की आधुनिक खेती बनी स्थायी आमदनी का जरिया, कलेक्टर ने लोदा गांव में किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले में आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने गुरुवार को लोदा गांव का दौरा कर उद्यान विभाग की अनुदान योजना अंतर्गत स्थापित पॉलीहाउस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पॉलीहाउस में खीरे की उन्नत खेती की जानकारी ली और किसान से उत्पादन, लागत व बाजार व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि पॉलीहाउस खेती पारंपरिक खेती की तुलना में अधिक लाभकारी है और इससे वर्षभर उत्पादन लेकर किसानों को स्थिर आय प्राप्त हो सकती है।
लोदा गांव के किसान रूप सिंह ने बताया कि उन्होंने एक बीघा भूमि पर पॉलीहाउस स्थापित किया है, जहां खीरे की खेती की जा रही है। नियंत्रित तापमान और आधुनिक तकनीक के कारण फसल की गुणवत्ता बेहतर रहती है और उत्पादन भी लगातार मिलता है। किसान ने कहा कि सालभर खीरे का उत्पादन होने से खेती पर आने वाला पूरा खर्च निकल जाता है और अतिरिक्त आय भी सुनिश्चित होती है।
कलेक्टर अवधेश मीना ने किसानों से उद्यान विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पॉलीहाउस, ड्रिप सिंचाई और उन्नत बीज जैसी तकनीकें कृषि को लाभ का व्यवसाय बना सकती हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक किसानों को इन योजनाओं से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान उद्यान विभाग के अधिकारी व स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!