सलूंबर में फार्मासिस्टों की गंभीर कमी को लेकर ज्ञापन कर्मचारी संघ ने 10,032 नए पद सृजित करने की मांग उठाई, बोले– फार्मासिस्टों के बिना संचालित हो रहे दवा केंद्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ एकीकृत जिला शाखा सलूंबर ने जिले में फार्मासिस्टों की गंभीर कमी को लेकर बुधवार को जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख शासन सचिव एवं वित्त मंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेशभर में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर फार्मासिस्टों के हजारों पद रिक्त हैं, जिसके चलते दवा वितरण व्यवस्था चरमरा गई है। कई जगहों पर दवा केंद्र फार्मासिस्टों के बिना ही संचालित किए जा रहे हैं, जिससे न केवल नियमों की अवहेलना हो रही है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ हो रहा है।
संघ ने कहा कि वर्तमान में बढ़ती जनसंख्या और रोगियों की संख्या के अनुपात में फार्मासिस्टों की संख्या अत्यंत कम है। एक फार्मासिस्ट पर अत्यधिक कार्यभार होने से दवा वितरण, रिकॉर्ड संधारण और मरीजों को उचित परामर्श देने में कठिनाइयां आ रही हैं।
कर्मचारी संघ ने मांग की कि प्रदेश में तत्काल 10,032 नए फार्मासिस्ट पदों का सृजन किया जाए तथा शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाए, ताकि सरकारी अस्पतालों और दवा केंद्रों की व्यवस्था सुचारु हो सके। साथ ही संविदा एवं अस्थायी व्यवस्था के स्थान पर स्थायी समाधान किए जाने की भी मांग रखी गई।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!