बिना लेबल 100 किलो सरसों तेल जब्त, मिलावट पर चला विभाग का शिकंजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर जिले के करावली क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मेसर्स भोलेनाथ फ्लोर मिल एवं तेल घाणी पर की गई छापेमारी में बिना लेबल पाया गया 100 किलो सरसों का तेल मिलावट की आशंका के चलते जब्त किया गया।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर डॉ. टी. शुभमंगला के आदेश एवं जिला कलेक्टर अवधेश मीना के निर्देशानुसार की गई।
तेल सीज कर लिए गए नमूने
अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी मय टीम द्वारा मौके पर सरसों के तेल को सीज कर नमूने लिए गए। साथ ही फर्म के प्रोपराइटर को निर्धारित श्रेणी का खाद्य अनुज्ञा पत्र बनवाने एवं साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
लाल मिर्च पाउडर सहित कई खाद्य पदार्थों की जांच
कार्रवाई के दौरान भोलेनाथ फ्लोर मिल से लाल मिर्च पाउडर का एक नमूना भी लिया गया। इसके अलावा सलूंबर स्थित जय वर्धमान इंटरप्राइजेज से विभिन्न ब्रांड के सरसों तेल, मूंगफली तेल, सोयाबीन तेल एवं नमक के कुल 6 नमूने संग्रहित किए गए।
वहीं करावली स्थित मातेश्वरी किराना एंड जनरल स्टोर से ध्रुव ब्रांड की चाय पत्ती का नमूना भी लिया गया।
उदयपुर लैब भेजे जाएंगे नमूने
सभी नमूनों को जांच हेतु जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी
डॉ. परमार ने बताया कि क्षेत्र में निरंतर निरीक्षण एवं नमुनीकरण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि—
खाद्य अनुज्ञा पत्र बनवाकर ही व्यवसाय शुरू करें
अनुज्ञा पत्र को परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें
साफ-सफाई एवं पेस्ट कंट्रोल अनिवार्य रूप से करवाएं
फूड हैंडलर्स का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाएं
निर्देशों की अवहेलना पर संबंधित के खिलाफ अधिनियम के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ सहायक शूरवीर सिंह भी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!