शिव शक्ति खरका लोदा ने जीता राजपूताना क्रिकेट प्रीमियम लीग–12 राणा सांगा बस्सी उपविजेता, धारोद में 95 टीमों की ऐतिहासिक भागीदारीक्रिकेट के साथ शराब मुक्त समाज का दिया गया सशक्त संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर क्षेत्र के धारोद गांव में मेवल छप्पन क्षत्रिय राजपूत समाज की प्रतिष्ठित संस्था कल्लाजी विकास संस्थान जयसमंद के तत्वावधान में आयोजित राजपूताना क्रिकेट प्रीमियम लीग (RCPL) सीजन–12 का भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न हुआ। 23 दिसंबर से शुरू हुए इस रोमांचक टूर्नामेंट में कुल 95 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
हनुमान चालीसा पाठ के साथ फाइनल मुकाबले का शुभारंभ
लगातार कई दिनों तक चले कड़े मुकाबलों के बाद शिव शक्ति खरका और राणा सांगा बस्सी की टीमें फाइनल में आमने-सामने रहीं। फाइनल मुकाबले से पूर्व हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात धार्मिक आस्था एवं खेल भावना के साथ मैच प्रारंभ हुआ।
मैच को देखने के लिए मैदान में सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे, जबकि हजारों दर्शकों ने यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण देखा। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा।
शिव शक्ति खरका विजेता, राणा सांगा बस्सी उपविजेता
रोमांचक फाइनल मुकाबले में शिव शक्ति खरका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता खिताब अपने नाम किया, जबकि राणा सांगा बस्सी को उपविजेता घोषित किया गया।
विजेता टीम को 51 हजार रुपये एवं उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसके साथ ही केशर सिंह खरका को प्लेयर ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट बैट्समैन तथा पिंटू बन्ना को बेस्ट बॉलर चुना गया।
भव्य समापन समारोह में संत-महात्माओं और समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति
टूर्नामेंट के समापन अवसर पर आयोजित भव्य समारोह के मुख्य अतिथि अनंत श्री विभूषित श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी हितेश्वरानंद सरस्वती महाराज रहे।
समारोह की अध्यक्षता लाल सिंह जावद (अध्यक्ष—कल्लाजी विकास संस्थान जयसमंद एवं अध्यक्ष—न्याय मंडल मेवल) ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में नाहर सिंह खरका, लक्ष्मण सिंह जावद, देवेंद्र सिंह बस्सी, रघुनाथ सिंह लोदा, मनोहर सिंह मेवल, खेल मंत्री जवान सिंह जावद, छप्पन विजय सिंह खोडाव सहित संस्थान की समस्त कार्यकारिणी उपस्थित रही।
शराब मुक्त, संस्कारित क्षत्रिय समाज का आह्वान
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में स्वामी हितेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने समाज को शराब मुक्त, संगठित एवं संस्कारित क्षत्रिय राजपूत समाज के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से खेल, सेवा और संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़कर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!