सलूम्बर में प्रथम जिला स्तरीय राजस्व खेल-कूद प्रतियोगिता आयोजि तहसीलदार, आरआई-पटवारी व महिला कार्मिकों ने बढ़ चढ़कर लिया भाग सलूम्बर (राजस्थान)
जिला सलूम्बर में प्रथम जिला स्तरीय राजस्व खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन उपखंड अधिकारी (एसडीएम) जगदीश चंद्र बामनिया के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया। यह प्रतियोगिता 08 एवं 09 जनवरी 2026 को प्रातः 9.30 बजे से पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूम्बर परिसर में आयोजित हुई। आयोजन जिला स्तरीय राजस्व खेलकूद समिति, राजस्व विभाग, जिला सलूम्बर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य “स्वस्थ शरीर – सशक्त प्रशासन” की भावना को साकार करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना, अनुशासन एवं समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। आयोजन की विशेष बात यह रही कि सलूम्बर तहसीलदार ने स्वयं क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
महिला प्रतिभागियों ने नींबू-चम्मच दौड़, 100 मीटर दौड़ तथा कुर्सी दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक जीवंत व प्रेरणादायी बनाया।
वहीं राजस्व विभाग के राजस्व निरीक्षक (आरआई) एवं पटवारी वर्ग ने क्रिकेट, वॉलीबॉल और 100 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल कौशल के साथ-साथ टीम भावना का भी शानदार परिचय दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के खेल-कूद आयोजन कर्मचारियों को तनावमुक्त रखने के साथ-साथ आपसी समन्वय, सहयोग और प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करते हैं। एसडीएम जगदीश चंद्र बामनिया के निर्देशन में आयोजित यह प्रथम जिला स्तरीय राजस्व खेल-कूद प्रतियोगिता सभी प्रतिभागियों के लिए यादगार रही और राजस्व प्रशासन को एकजुट करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुई।