सलूंबर जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सेमारी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गोंमती नदी के पेटे से अवैध रूप से बजरी खनन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक को मौके से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन में की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला एवं पुलिस उप अधीक्षक चांदमल सिंधारिया के सुपरविजन में, वृत सराड़ा के मार्गदर्शन तथा थानाधिकारी गोपालकृष्ण परमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
नदी के पेटे में रंगे हाथ पकड़ा गया चालक
दिनांक 8 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि गोंमती नदी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम सेमारी, लाम्बा पीपला, बागथला, गोपालपुर होते हुए गुडियावाड़ा-चंदोड़ा क्षेत्र पहुंची। मौके पर नदी के पेटे में एक लाल रंग का ट्रैक्टर-ट्रॉली बजरी से भरा हुआ मिला, जिसे चालक अवैध रूप से खनन कर भर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को मौके से पकड़ लिया।
न कोई लाइसेंस, न वैध दस्तावेज
पुलिस द्वारा बजरी खनन से संबंधित लाइसेंस व वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अपना नाम कानूराम पुत्र देवाजी मीणा, निवासी गुड़ियावाड़ा, फला बिचलावाला, थाना सेमारी, जिला सलूंबर बताया।
अवैध खनन पाए जाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा किया गया। इस संबंध में थाना सेमारी में प्रकरण संख्या 07/2026 दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।