सलूंबर, 9 जनवरी।राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वाधान में तथा महावीर इंटरनेशनल के सहयोग से आयोजित 10 दिवसीय नि:शुल्क आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर ने सेवा और समर्पण की नई मिसाल कायम की है। शिविर के अंतर्गत वर्तमान में आईपीडी में शल्य चिकित्सा के 126 मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जो इस शिविर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
शिविर में मिलने वाली समर्पित एवं मानवीय सेवाओं को लेकर मरीजों ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। आयुर्वेद विभाग की कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर सेवा आरती सलूंबर द्वारा मरीजों को फल वितरण कर सहयोग किया गया। वहीं, बहिरंग ओपीडी में अब तक 322 मरीजों ने चिकित्सा लाभ लिया।
शल्य चिकित्सा कार्य में चिकित्सकों के साथ परिचारक भी पूरे परिवार की तरह मरीजों की सेवा में जुटे हुए हैं।
शिविर सहायक प्रभारी जितेंद्र जोशी ने बताया कि मरीजों के लिए सुबह 5 बजे से गर्म पानी की व्यवस्था, सेक व अन्य सेवाएं की जा रही हैं, जो सेवा भावना की एक अनुकरणीय मिसाल है।
इस सेवा कार्य में परिचारक सोमाराम मेघवाल, निर्भय सिंह भाटी, प्रेमसिंह सारंगदेवोत, कमलेश कुमार, मुकेश कुमार, देवीदास, वैष्णव, मोहनलाल मीणा, रविन्द्र कुमार, रविन्द्र सिंह, बेचरलाल, लालूराम गमेती, बाबूलाल, बंशीलाल एवं कानकी मीणा सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।