सलूंबर में 17–18 जनवरी को पंच गौरव महोत्सव जयसमंद की पाल और स्कूल मैदान में होंगे आयोजन, कॉमेडी–हास्य कविता–संगीत कार्यक्रम होंगे आकर्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर जिले में पहली बार आयोजित होने जा रहे पंच गौरव महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इस संबंध में जिला कलेक्टर कार्यालय में अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि 17 एवं 18 जनवरी 2026 को जिले में भव्य दो दिवसीय पंच गौरव महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि पंच गौरव महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होगा, बल्कि यह आमजन को स्वरोजगार, पर्यटन और आर्थिक विकास से जोड़ने का एक बड़ा मंच बनेगा। यह महोत्सव सलूंबर जिले की नई पहचान के रूप में स्थापित होगा।
महोत्सव बनेगा विकास और मनोरंजन का संगम
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य सरकार की पंच गौरव अवधारणा को आमजन तक पहुंचाना है, ताकि लोग यह समझ सकें कि कृषि, पर्यटन, उद्योग और नवाचार के माध्यम से किस तरह अपनी आर्थिक उन्नति कर सकते हैं।
पंच गौरव बनेंगे जिले की पहचान
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि इस महोत्सव में सलूंबर जिले की पांच प्रमुख पहचान को केंद्र में रखा गया है। इनमें जयसमंद पर्यटन, पलाश एवं मक्का जैसी कृषि उपज, खनिज संपदा, उद्योग तथा नवाचार शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों से जुड़े विभागों द्वारा स्टॉल और प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से आमजन को रोजगार, आजीविका और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
हर विभाग रहेगा मौजूद
पंच गौरव महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, उद्योग, खनन, पर्यटन सहित विभिन्न विभाग भाग लेंगे। यहां आधुनिक तकनीक, नए उत्पाद, सरकारी योजनाएं और स्वरोजगार से जुड़ी विस्तृत जानकारी आम लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी।
दो बड़े आयोजन स्थल तय
महोत्सव के आयोजन के लिए जिले में दो प्रमुख स्थल निर्धारित किए गए हैं—
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर का खेल मैदान
जयसमंद की पाल, जहां पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंच सजेगा
‘सलूंबर सुपरस्टार’ कार्यक्रम होगा खास
17 जनवरी की शाम को “सलूंबर सुपरस्टार” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में कॉमेडी, हास्य कविता, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। कोई भी कलाकार या ग्रुप इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा आम जनता के सामने प्रस्तुत कर सकेगा।
पंच गौरव महोत्सव के माध्यम से सलूंबर जिले में विकास, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!