सलूंबर में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन आरएसएस शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संगठित हुआ सनातन समाज, धर्म–संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सलूंबर नगर में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। बस्ती क्रमांक 4 स्थित जागेश्वर महादेव परिसर सहित करगेटा, प्रताप चौराहा, उपाध्याय कॉलोनी, विनायक नगर, सरस्वती कॉलोनी, पुलिस थाना क्षेत्र, सनसिटी सूरो का कुआं एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त सनातनी हिंदुओं ने संगठित होकर इस सम्मेलन में सहभागिता निभाई।
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री लीलाधर त्रिवेदी ने बताया कि सम्मेलन में संत सानिध्य त्रिवेणी धाम बनोडा के रामानुजाचार्य, श्री पंचधाम जेताना के महात्मा प्रकाशानंद जी एवं सेवा धारी महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक धनराज भाई साहब रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत को तोड़ने का प्रयास किया, किंतु हमारी संस्कृति और धर्म की जड़ें अत्यंत मजबूत हैं। उन्होंने समाज से जाति-पात से ऊपर उठकर संगठित होकर राष्ट्र निर्माण व विकास में सहयोग करने का आह्वान किया।
महात्मा प्रकाशानंद जी ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग एवं प्रकृति पूजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया। मौन व्रतधारी रामानुजाचार्य ने लिखित वक्तव्य के माध्यम से धर्म रक्षा को लेकर समाज के समक्ष अपने विचार रखे। वहीं मातृशक्ति नीलू पुरबिया ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। आयोजन समिति की ओर से पूर्णेश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई तथा दुर्गा वाहिनी द्वारा शौर्य प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक रूप से भारत माता की वंदना एवं आरती की गई। सम्मेलन का सफल संचालन नरेश कुमार चाष्टा ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में सनातनी समाज के लोग उपस्थित रहे और धर्म व संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया।

 

और पढ़ें

error: Content is protected !!