सलूंबर शहर के समीप स्थित अदकलिया कस्बे में राधे-कृष्ण मंदिर एवं संत शिरोमणि सेनजी महाराज मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा, मूर्ति परिक्रमा और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव से पूर्व मंदिर प्रांगण से कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा अदकलिया कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांव का भ्रमण करती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की, वहीं पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ चलते नजर आए।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रारंभ हुई कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। राधे-कृष्ण और सेनजी महाराज के जयघोष से वातावरण गूंज उठा, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह कलश यात्रा आगामी दिनों में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा, शिखर कलश स्थापना एवं पंचकुंडीय महायज्ञ जैसे धार्मिक कार्यक्रमों की मंगल शुरुआत है। महोत्सव के दौरान भजन संध्या, हवन-पूजन, मूर्ति स्थापना एवं सम्मान समारोह सहित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन संपन्न होंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है। यह आयोजन सेन समाज वागड़, छप्पन, चुण्डा एवं सलूंबर क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।