सलूंबर। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलबीसी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने करते हुए बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जिले के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो), विभिन्न विकासात्मक संकेतकों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण स्वीकृति और वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएमईजीपी, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बैंक और प्रशासन के समन्वय से ही योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकता है।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार किया जाए तथा डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही, ऋण वितरण की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग कर लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।