सलूम्बर। जिले के गींगला थाना क्षेत्र में स्थित मां ईडाणा मंदिर के मुख्य द्वार के पास बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित दुकान को हटाया। हनुमान मंदिर के प्रवेश मार्ग पर बने इस अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया।
कार्रवाई प्रशासक के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई। मौके पर गींगला थाना अधिकारी अपनी टीम और पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी से निर्माण को हटाकर मार्ग को पूरी तरह साफ कराया गया।
जानकारी के अनुसार मंदिर के मुख्य द्वार के समीप अतिक्रमण होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही थी। प्रशासन द्वारा पूर्व में मौखिक चेतावनी देने के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और धार्मिक स्थलों के आसपास किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मंदिर परिसर में व्यवस्था सुधारने के लिए यह आवश्यक कदम था। कार्रवाई के बाद मंदिर मार्ग पर यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य हो गई।