सलूंबर। आगामी जनगणना–2027 की तैयारियों को लेकर जिले में प्रथम चरण का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण गुरुवार से प्रारंभ हो गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों और संबंधित कार्मिकों को मकान सूचीकरण, मकान गणना तथा आगामी जनसंख्या गणना के दूसरे चरण के लिए दक्ष बनाना है।
प्रशिक्षण सत्र में जनगणना की नई कार्यप्रणाली, डिजिटल स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया तथा मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संग्रहण की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि इस बार तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा, जिससे आंकड़ों की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
कार्यशाला में मकानों की पहचान, परिवारों का विवरण, सामाजिक-आर्थिक सूचनाओं के संकलन और डेटा एंट्री से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही प्रतिभागियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समयसीमा में सर्वे कार्य पूर्ण कर शासन को सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और आधारभूत जानकारी संकलित की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े जुटाए जाएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।