सलूम्बर। सराडी गांव स्थित प्रसिद्ध ईडाणा माताजी शक्ति पीठ में रविवार को जनजाति विकास योजना के अंतर्गत बनने वाली धर्मशाला का भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी, विधायक शांता देवी मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शक्ति पीठ के प्रधान आचार्य अंबालाल शर्मा और गायत्री धाम के पंडितों के मार्गदर्शन में मंत्री बाबू लाल खराड़ी एवं अन्य अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से शिला एवं भूमि पूजन संपन्न कराया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री बाबू लाल खराड़ी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धा केंद्रों और तीर्थ स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर सड़क संपर्क, स्वच्छता व्यवस्था और सौंदर्याकरण के कार्य किए जा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि ईडाणा माताजी शक्ति पीठ के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। आने वाले समय में कनेक्टिविटी, परिवहन सुविधाओं और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। विधायक शांता देवी मीणा ने कहा कि सरकार विकास के साथ धार्मिक विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है।
प्रधान आचार्य अंबालाल शर्मा ने ट्रस्ट द्वारा अब तक किए गए कार्यों तथा भविष्य में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लव व्यास ने किया।
इस अवसर पर समाजसेवी भीम सिंह सिसोदिया, जिला सह प्रवक्ता नाथू भाई कोलावत, उप प्रधान देवेंद्र सिंह अजबावत, मंडल महामंत्री लालू राम पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष यशवत त्रिवेदी, जिला कार्यसमिति सदस्य शंकर भील सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह के अंत में अतिथियों का प्रतीक चिन्ह एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।