सलूम्बर जिला अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष हेल्थ कैम्प, 284 बुजुर्गों की हुई स्वास्थ्य जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। राजकीय जिला चिकित्सालय सलूम्बर में रविवार को वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष रामाश्रय हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने भाग लिया और स्वास्थ्य जांच व परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान कुल 284 वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों की टीम ने डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, नेत्र रोग, कान-नाक-गला संबंधी समस्याएं, हड्डी व जोड़ों के रोग सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की। इसके साथ ही बुजुर्गों को अल्जाइमर और डिमेंशिया जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में भी परामर्श दिया गया।
कैम्प में मरीजों के लिए फिजियोथेरेपी परामर्श, सर्वाइकल कैंसर की जांच, मौखिक कैंसर की स्क्रीनिंग तथा वृद्धावस्था से जुड़ी अन्य बीमारियों की पहचान के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। जांच के दौरान कई वरिष्ठ नागरिकों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनके लिए चिकित्सकों ने आवश्यक उपचार व सलाह प्रदान की।
पीएमओ डॉ. राजेश दोशी ने बताया कि इस प्रकार के हेल्थ कैम्प का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करना और उन्हें विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन जारी रखा जाएगा ताकि बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

और पढ़ें

error: Content is protected !!