सलूम्बर में ग्राम विकास अधिकारियों का हल्ला बोल, 6 साल से अटकी पदोन्नति पर फूटा गुस्सा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिले में ग्राम विकास अधिकारियों का असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ की जिला इकाई ने सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
संघ के जिलाध्यक्ष शंकर लाल कुम्हार ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारियों की पदोन्नति पिछले करीब 6 वर्षों से अटकी हुई है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि सेवा अवधि के आधार पर मिलने वाले पदोन्नति वेतनमान को वर्ष 2023 के बजाय 2013 से लागू किया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को उनका उचित हक मिल सके।
इसके साथ ही 27 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अधिकारियों को तृतीय पदोन्नति के तहत 5400 रुपए ग्रेड पे देने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। संघ ने पदोन्नति अनुपात बढ़ाने, आरआरडीएस के अधिकतर पद पदोन्नति से भरने और सहायक विकास अधिकारी पद के लिए विभागीय परीक्षा आयोजित कराने सहित कुल 11 मांगें रखीं।
जिला मंत्री राजेंद्र कुमार मीणा के अनुसार जिले की विभिन्न पंचायत समितियों से बड़ी संख्या में ग्राम विकास अधिकारी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। वहीं प्रदेश स्तर के प्रतिनिधि भानू प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो 8 अप्रैल को जयपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और जल्द समाधान की मांग की।

और पढ़ें

error: Content is protected !!