सलूम्बर जिले में राम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शहर में गुरुवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री तेजानंद बिहारी दाता मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे नगर को राममय बना दिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और हर ओर जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
शोभायात्रा निर्धारित मार्गों से होते हुए जैन मंदिर, नागदा बाजार, होली चौक, गांधी चौक, बड़े गणेशजी मंदिर, आजाद मोहल्ला, महेश्वरी नोहरे और रावली पोल से गुजरकर पुनः मंदिर पहुंची। रास्ते भर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
यात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम की रजत पालकी रही, जिसे बड़े श्रद्धाभाव से सजाया गया था। इसके साथ ही रामायण प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां और कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। पूरे मार्ग पर ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
इससे एक दिन पूर्व आयोजित भजन संध्या में भजन गायकों ने भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं, जिन पर श्रद्धालु देर रात तक भाव-विभोर होकर झूमते रहे। ‘तेरा रामजी करेंगे बेड़ा पार’ और ‘नैया तेरी राम हवाले’ जैसे भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा में महिलाएं, युवतियां, बच्चे और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। आयोजन के दौरान पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से सजा नजर आया।
इस अवसर पर राम जन्मोत्सव समिति के पदाधिकारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। समिति ने बताया कि यह शोभायात्रा वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसमें हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या और उत्साह लगातार बढ़ रहा है।