सलूंबर जिले के लसाड़िया ब्लॉक के घाटा और लालपुरा गांवों में एक अज्ञात बीमारी ने दहशत फैला दी है। महज पांच दिनों के भीतर पांच मासूम बच्चों की मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। सभी मृत बच्चों की उम्र 2 से 4 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जिनमें एक जैसे लक्षण सामने आए।
बताया जा रहा है कि बच्चों को अचानक तेज बुखार आया, जिसके बाद उल्टी और शरीर में ऐंठन शुरू हुई। हालत तेजी से बिगड़ती गई और कुछ ही समय में बच्चों ने दम तोड़ दिया। कुछ बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान या रास्ते में ही उनकी मौत हो गई, जबकि कुछ की घर पर ही जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी के निर्देश पर मेडिकल टीमों को तत्काल प्रभावित गांवों में तैनात किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर सर्वे कर रही है और बच्चों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, अभी तक बीमारी के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह किसी वायरल संक्रमण, दिमागी बुखार या मौसमी बीमारी की आशंका हो सकती है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस बीच बच्चों की मौत से ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बीमारी की जल्द पहचान और प्रभावी उपचार की मांग की है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। यदि किसी बच्चे में बुखार, उल्टी या ऐंठन जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
फिलहाल गांवों में मेडिकल टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और हर स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।