सलूम्बर। जिले के सराड़ा वन विभाग क्षेत्र में जयसमंद अभयारण्य के पास स्थित सेमाल गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुए ने खेत में काम कर रहे दो किसानों पर अचानक हमला बोल दिया। हमले में दोनों किसानों को दांत और नाखून से गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसान रोजमर्रा की तरह खेत में काम कर रहे थे, तभी झाड़ियों से निकलकर तेंदुआ उन पर झपट पड़ा। अचानक हुए इस हमले से दोनों संभल नहीं पाए और तेंदुए ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ पास के एक पेड़ पर चढ़कर बैठ गया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी वन्यजीवों की आवाजाही देखी गई है, लेकिन इस तरह का हमला पहली बार हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और खेतों में समूह में जाने की अपील की है। साथ ही तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
फिलहाल, दोनों घायल किसानों का इलाज जारी है और गांव में वन विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है।