सलूंबर, जिले में 18 अप्रैल। भीषण गर्मी के बीच आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच का विशेष अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में सलूंबर शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान दूध, घी, मावा, लस्सी और अन्य पेय पदार्थों की गुणवत्ता परखने के लिए कुल 5 नमूने एकत्र किए गए।
जिन प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए, उनमें सूरजपोल रोड स्थित महादेव डेयरी से घी, अदकालिया के सिद्धिविनायक दूध संग्रह केंद्र से मिश्रित दूध, श्रीराम मावा भंडार से खोआ, नेहरू रोड के मेहता स्पेशल निराली लस्सी भंडार से लस्सी और घाटी दरवाजा स्थित सांवरिया डेयरी से घी शामिल हैं।
सभी नमूनों को जांच के लिए उदयपुर की जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने, लाइसेंस लेने और खुले में खाद्य सामग्री बेचने से बचने की सख्त हिदायत दी।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें प्रशिक्षु अधिकारी और अन्य स्टाफ भी शामिल रहे।