सलूंबर में ट्रैफिक व्यवस्था को नई रफ्तार: नए यातायात कार्यालय का शुभारंभ, हेलमेट पहनने वालों को मिला सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला मुख्यालय पर नए यातायात कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कमरूदिया भेरू बाइपास के पास स्थापित इस कार्यालय के शुरू होने से अब ट्रैफिक प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों और आमजन की उपस्थिति रही। इस मौके पर पुलिस विभाग ने एक अनोखी पहल करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।
यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को पुलिस ने फूल देकर सम्मानित किया, जिससे आमजन में सकारात्मक संदेश गया। वहीं दूसरी ओर नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों को सख्त हिदायत देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नए यातायात कार्यालय के माध्यम से शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और ट्रैफिक नियमों की पालना सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। साथ ही नियमित अभियान चलाकर लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक संकेतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सलूंबर को सुरक्षित और अनुशासित शहर बनाया जा सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!