युवक की मौत के बाद प्रशासन हरकत में, पीडब्ल्यूडी के तीन अधिकारियों पर गिरी गाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। धारोद बाईपास पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क किनारे पड़े पेड़ से टकराने के कारण हुई दुर्घटना ने सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देश पर प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय हुआ। अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला पुलिस एवं अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर धरना दे रहे ग्रामीणों व मृतक के परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
प्रकरण की प्रारंभिक समीक्षा के बाद जिला कलक्टर ने लोक निर्माण विभाग के एईएन, जेईएन और एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए चार्जशीट देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए हैं।
जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन के जीवन और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
हादसे के बाद प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं ग्रामीणों ने भी दोषियों पर कार्रवाई की मांग दोहराते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने की आवश्यकता जताई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!