आकांक्षी ब्लॉक योजना में सुधार पर फोकस, कलेक्टर ने 39 संकेतकों की समीक्षा की वर्ष 2026-27 के प्रस्तावों पर मंथन, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सलूंबर। जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. की अध्यक्षता में गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजना के तहत निर्धारित 39 प्रमुख संकेतकों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सराड़ा ब्लॉक के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। जिला कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मानकों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता से कार्य करे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की मॉनिटरिंग बढ़ाने और जमीनी स्तर पर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए प्राप्त विकास प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने कहा कि योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराए जाने वाले अनटाइड फंड से स्वीकृत विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने और विकास संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार लाने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य आयोजना अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं ब्लॉक स्तर पर उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी शामिल हुए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और इसके माध्यम से विकास की गति को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।