आसपुर। भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने सोमवार को आदिवासी समाज के सम्मान, जनहित के मुद्दों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर आसपुर में आक्रोश रैली निकालते हुए विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रैली में भाग लेकर विभिन्न मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई। बीएपी नेताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे भर्ती परीक्षा घोटालों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, वहीं महंगाई ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और बाद में प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के साथ क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की मांग की गई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यदि जनहित और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
रैली और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। :::








