अतिक्रमण हटाने में पक्षपात का आरोप, कांग्रेस ने बनाई जांच समिति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को जिला कांग्रेस मुख्यालय में जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई।
जनसुनवाई में शहर निवासी मोहम्मद खां ने प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रभावशाली और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों के अतिक्रमण नहीं हटाए गए, जबकि गरीब एवं आम नागरिकों के खिलाफ सख्ती बरती गई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता ने मामले की जांच के लिए पूर्व सभापति प्रद्युम्न कोड़िया, उपसभापति अब्दुल रऊफ खां, रामभरोसे पुरोहित, नारायण भोई, किशनसिंह चूण्डावत एवं गणेश एन. मेहता की समिति गठित की। समिति मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेगी तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायत प्रस्तुत करेगी।
जनसुनवाई के दौरान जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाध्यक्ष के समक्ष रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में आगामी 14 जुलाई को पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के प्रस्तावित सलूम्बर दौरे की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके लिए 11 जुलाई, शनिवार को सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस मुख्यालय में आवश्यक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियां एवं आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। जिलाध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!