सलूंबर से सचिन पायलट का भाजपा पर तीखा हमला, बेरोजगारी और महंगाई को बनाया मुद्दा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने मंगलवार को सलूंबर दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। शहर के आरटीओ सर्किल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

इसके बाद एक निजी होटल परिसर में आयोजित जनसभा में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
अपने संबोधन में पायलट ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास के दावों के बावजूद आमजन की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीब, आदिवासी, दलित और मध्यम वर्ग के हितों की अनदेखी कर रही है तथा जनता के बुनियादी सवालों का समाधान करने के बजाय नए विवादित मुद्दे खड़े कर ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।

उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों युवाओं की मेहनत और भविष्य व्यवस्था की खामियों की भेंट चढ़ रहा है। रोजगार और महंगाई जैसे गंभीर विषयों पर सरकार से जवाबदेही तय करने की जरूरत है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) सहित अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

पायलट ने दावा किया कि यदि वर्तमान परिस्थितियों में चुनाव कराए जाएं तो कांग्रेस मजबूत स्थिति में रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी चुनावों में पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता ने कहा कि सचिन पायलट के सलूंबर आगमन से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। संगठन अब जनसमस्याओं को लेकर और अधिक सक्रियता से जनता के बीच काम करेगा।
पूर्व सांसद एवं उदयपुर देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने भी संगठनात्मक एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आमजन की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
जनसभा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, युवा कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी रही, जिससे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

और पढ़ें

error: Content is protected !!