वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनसुनवाई, लिखित सुझाव भी समिति को भेजे जाएंगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 14 जुलाई। राजस्थान में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी)-2026 के प्रारूप पर सुझाव लेने की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को दूसरे दिन जिला मुख्यालय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रारूप समिति के सदस्य एवं राजस्थान उच्च न्यायालय के अतिरिक्त महाधिवक्ता बसंत सिंह छाबा ने की।
जिला मुख्यालय स्थित सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के वीसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न वर्गों के प्रबुद्ध नागरिकों ने वर्चुअल माध्यम से भाग लेकर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक के दौरान प्रतिभागियों ने समान नागरिक संहिता-2026 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। साथ ही निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से लिखित सुझाव भी लिए गए, जिन्हें प्रारूप समिति के समक्ष विचारार्थ भेजा जाएगा।
बैठक में बताया गया कि जनसुनवाई का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए ऐसे सुझाव प्राप्त करना है, जिससे समान नागरिक संहिता का प्रारूप अधिक व्यापक, व्यवहारिक, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जा सके। समिति द्वारा प्राप्त सभी सुझावों का परीक्षण कर अंतिम प्रारूप तैयार किया जाएगा।

सलूम्बर जिला मुख्यालय के वीसी कक्ष में समान नागरिक संहिता-2026 पर आयोजित जनसुनवाई में वर्चुअल माध्यम से सुझाव देते अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन।

और पढ़ें

error: Content is protected !!