सलूम्बर में नकली घी पर शिकंजा, 15 किलो घी जब्त; जांच के लिए भेजे पांच नमूने

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने सेरिया कस्बे में एक डेयरी पर कार्रवाई करते हुए 15 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है। घी तैयार करने में उपयोग होने वाली सामग्री और उपकरण संदिग्ध पाए जाने पर विभाग ने घी सहित दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा दल ने निरीक्षण के दौरान एच.डी. डेयरी एवं नमकीन पार्लर का जायजा लिया। यहां वनस्पति घी के डिब्बे, सोयाबीन तेल के खाली कंटेनर, भट्टी, कड़ाही सहित अन्य उपकरण मिले, जिससे नकली घी तैयार किए जाने की आशंका बनी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए बिक्री के लिए रखा 15 किलो घी जब्त कर उसका नमूना लिया गया। प्रतिष्ठान से दूध का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया।
अभियान के दौरान मातेश्वरी दूध डेयरी, पटेल केवलाल डेयरी (बड़ावली) और जय सांवरिया डेयरी (दाल चौराहा) से भी दूध के नमूने लिए गए। इस तरह कुल पांच नमूने—एक घी और चार दूध के—जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि राज्य सरकार के “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत जिलेभर में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से लाइसेंस प्रदर्शित करने, खुले में खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं करने तथा गुणवत्ता मानकों का पालन करने की अपील की। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!