सलूम्बर। नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में चुनाव से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक चरण की तैयारी निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित चुनाव संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं रहे और सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
समीक्षा बैठक में निर्वाचन संचालन, मतदान केंद्र प्रबंधन, लेखा, कानून एवं शांति व्यवस्था, मतदान दल गठन, आदर्श आचार संहिता, रूट चार्ट, यातायात व्यवस्था, वेयरहाउस, प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री, रसद, मीडिया समन्वय, कंप्यूटर प्रबंधन तथा सामान्य प्रशासन सहित सभी प्रमुख प्रकोष्ठों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सफल और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक प्रभारी अधिकारी को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला सहित चुनावी प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।