हड़ताल का असर: सलूम्बर में परिवहन विभाग की सेवाएं ठप, आमजन दिनभर होते रहे परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर  राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ के प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का असर शुक्रवार को सलूम्बर जिला परिवहन कार्यालय में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। हड़ताल के चलते कार्यालय में नियमित परिवहन संबंधी अधिकांश सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं, जिससे अपने जरूरी कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
दिनभर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने, नवीनीकरण कराने, नए वाहनों का पंजीयन, स्वामित्व हस्तांतरण, फिटनेस और अन्य परिवहन संबंधी कार्य नहीं हो सके। कार्यालय परिसर में कई आवेदक सुबह से इंतजार करते रहे, लेकिन सेवाएं बंद होने की जानकारी मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा।
हड़ताल के कारण परिवहन विभाग का नियमित कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हुई जिनकी पहले से समयबद्ध नियुक्ति (अपॉइंटमेंट) तय थी या जिनके दस्तावेजों की प्रक्रिया अंतिम चरण में थी। कारोबार और व्यवसाय से जुड़े वाहन मालिकों को भी आवश्यक कार्य नहीं होने से असुविधा का सामना करना पड़ा।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश स्तर पर लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर यह कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। जब तक सरकार सकारात्मक पहल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहने की बात कही गई है।
उधर, परिवहन विभाग की सेवाएं बंद रहने से आमजन उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द समाधान निकले, ताकि लाइसेंस, वाहन पंजीयन और अन्य आवश्यक कार्य फिर से सामान्य रूप से शुरू हो सकें।

और पढ़ें

error: Content is protected !!