सलूंबर। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को जिले में कचौरी निर्माताओं और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कचौरी, खाद्य तेल, बेसन और लाल मिर्च पाउडर सहित कुल आठ खाद्य नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देश तथा अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र परमार के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा दल ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य तेल की गुणवत्ता की जांच टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड) मीटर से की गई तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण और स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी बारीकी से परीक्षण किया गया।
दल ने विभिन्न नाश्ता एवं फास्ट फूड केंद्रों से कचौरी, रिफाइंड तेल, मूंगफली तेल, बेसन और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, तले हुए खाद्य पदार्थ अखबार में नहीं परोसने, उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग करने तथा उपयोग किए गए खाद्य तेल के सुरक्षित निस्तारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी ने बताया कि खाद्य तेल का बार-बार उपयोग स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। निर्धारित मानकों के अनुसार 25 प्रतिशत तक टीपीसी वाला तेल ही उपयोग योग्य माना जाता है। इससे अधिक टीपीसी होने पर तेल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। विभाग समय-समय पर आरयूसीओ (री-यूज्ड कुकिंग ऑयल) विषय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करता है।
उन्होंने बताया कि सभी नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र परमार ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन प्राप्त कर उसे प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मिलावटखोरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश पुष्करणा, निशा मीणा तथा सहायक शूरवीर सिंह भी मौजूद रहे।