सलूम्बर। बालिकाओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और उन्हें विषम परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए सलूम्बर पुलिस ने सोमवार को ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। राजकीय जनजाति बालिका आवासीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा के उपायों के साथ महिला अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है। महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के लिए 1090 तथा ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध होने पर 1930 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। अधिकारियों ने छात्राओं को इन नंबरों को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
RAJCOP ऐप से घर बैठे पुलिस सेवाओं की जानकारी
कार्यक्रम में छात्राओं को RAJCOP Citizen App के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने समझाया कि मोबाइल एप के माध्यम से कई पुलिस सेवाओं और सुविधाओं का लाभ घर बैठे लिया जा सकता है। साथ ही छात्राओं को सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी व बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
महिला डेस्क से मिलेगी गोपनीय सहायता
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के प्रत्येक थाने में महिला डेस्क की व्यवस्था की गई है। महिला संबंधी मामलों में पीड़िताओं को गोपनीयता के साथ त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। छात्राओं से कहा गया कि किसी भी तरह की परेशानी, धमकी, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी परिवार, स्कूल स्टाफ या पुलिस को देने में संकोच न करें।










