सलूंबर, 3 अगस्त। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों और सरकारी अभियानों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं को कागजों तक सीमित रखने के बजाय उनका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
बैठक में संपर्क, जल अर्पण अभियान, VB-GRAM-G, हरियालो राजस्थान और पंच गौरव अभियान समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए जहां काम की गति कम मिली, वहां तेजी लाने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों पर फोकस
Civic Amenities से जुड़े लंबित प्रकरणों को लेकर कलेक्टर ने PWD, PHED, AVVNL, जल संसाधन और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निस्तारण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल प्रकरण निस्तारित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी औसत निस्तारण अवधि कम करना भी जरूरी है।
नौ पंचायतों में जल अर्पण अभियान की समीक्षा
जल अर्पण अभियान के तहत चयनित नौ पंचायतों में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने PHED से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने और तय लक्ष्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
हर पंचायत में बनेगी पोषण वाटिका और ग्रामीण हाट
VB-GRAM-G की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्थानीय गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में पोषण वाटिका और ग्रामीण हाट विकसित करने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पीपीपी
कलेक्टर ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपखंड अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में योजनाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा।
जॉब कार्ड के हिसाब से मिले रोजगार
VB-GRAM-G के तहत जारी जॉब कार्डों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिन लोगों के पास जॉब कार्ड हैं, उन्हें अधिकतम रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।
हरियाली में पीछे विभागों को बढ़ानी होगी रफ्तार
हरियालो राजस्थान अभियान में अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले विभागों को कलेक्टर ने पौधरोपण अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग, गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि पौधरोपण केवल आंकड़ों तक सीमित न रहे।
मक्का बनेगा किसानों की आय बढ़ाने का जरिया
पंच गौरव अभियान की समीक्षा में जिले के प्रमुख उत्पाद मक्का और उससे तैयार होने वाले उत्पादों की मार्केटिंग पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव की बैठक के निर्देश भी बताए
कलेक्टर ने रविवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के प्रमुख बिंदुओं से भी जिला स्तरीय अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखते हुए योजनाओं की प्रगति बढ़ाने और निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।








