बालिकाओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर, साइबर ठगी से बचने के तरीके भी बताए सलूम्बर में ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, 112, 1090 और 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। बालिकाओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और उन्हें विषम परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए सलूम्बर पुलिस ने सोमवार को ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। राजकीय जनजाति बालिका आवासीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा के उपायों के साथ महिला अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है। महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के लिए 1090 तथा ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध होने पर 1930 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। अधिकारियों ने छात्राओं को इन नंबरों को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

RAJCOP ऐप से घर बैठे पुलिस सेवाओं की जानकारी

कार्यक्रम में छात्राओं को RAJCOP Citizen App के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने समझाया कि मोबाइल एप के माध्यम से कई पुलिस सेवाओं और सुविधाओं का लाभ घर बैठे लिया जा सकता है। साथ ही छात्राओं को सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी व बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

महिला डेस्क से मिलेगी गोपनीय सहायता

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के प्रत्येक थाने में महिला डेस्क की व्यवस्था की गई है। महिला संबंधी मामलों में पीड़िताओं को गोपनीयता के साथ त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। छात्राओं से कहा गया कि किसी भी तरह की परेशानी, धमकी, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी परिवार, स्कूल स्टाफ या पुलिस को देने में संकोच न करें।

एसपी वेदिता राणा ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता के जरिए अपराधों की रोकथाम पर भी पुलिस का विशेष जोर है। उन्होंने बालिकाओं से सजग रहने और अपने अधिकारों की जानकारी रखने का आह्वान किया।

पुलिस अधिकारी व स्कूल स्टाफ रहा मौजूद

कार्यक्रम में सलूम्बर वृत्ताधिकारी राजीव राहड़, महिला थाना प्रभारी भंवरलाल, सलूम्बर थाना अधिकारी मुकेश नागदा, महिला थाना एएसआई फरीबी लाला, यातायात एएसआई देवी दयाल सिंह, एएसआई रतन सिंह, बहादुर लाल डामोर, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और महिला सुरक्षा सखी मौजूद रहीं। विद्यालय की ओर से शिक्षक मधुकर वरनौती, नरेश चास्टा सहित बड़ी संख्या में छात्राएं कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!