सलूंबर में उपप्रधान चुनाव के नतीजों ने चौंकाया, भाजपा-कांग्रेस को 2-2 सीटें; तीन समितियों में निर्दलीयों का दबदबा
लसाड़िया में भाजपा की धापूदेवी निर्विरोध

निर्वाचित, सलूंबर में अर्जुन मेहता
ने संभाली उपप्रधान की कमान; जयसमंद

और गींगला में कांग्रेस का कब्जा

सलूंबर। जिले की सातों पंचायत समितियों में उपप्रधान पद के लिए हुए चुनाव के नतीजों ने जिले की सियासत में नए समीकरण सामने ला दिए हैं। चुनाव में किसी एक राजनीतिक दल का दबदबा देखने को नहीं मिला। भाजपा और कांग्रेस ने दो-दो पंचायत समितियों में उपप्रधान पद हासिल किया, जबकि तीन पंचायत समितियों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर राजनीतिक दलों को चुनौती दी।
चुनाव परिणामों के अनुसार भाजपा ने सलूंबर और लसाड़िया पंचायत समिति में उपप्रधान बनाने में सफलता हासिल की। कांग्रेस ने जयसमंद और गींगला में अपना उपप्रधान निर्वाचित करवाया। वहीं झल्लारा, सेमारी और सराड़ा में निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारकर सत्ता के समीकरणों को दिलचस्प बना दिया।
कहीं भाजपा तो कहीं कांग्रेस, निर्दलीयों ने भी दिखाया दम
सलूंबर पंचायत समिति में भाजपा के अर्जुन मेहता उपप्रधान निर्वाचित हुए। लसाड़िया में भाजपा की धापूदेवी डांगी निर्विरोध उपप्रधान चुनी गईं। कांग्रेस ने जयसमंद में दिनेश कुमार प्रजापत
और गींगला में ललित पटेल को उपप्रधान बनाकर अपनी स्थिति मजबूत की।
दूसरी ओर झल्लारा में देवीलाल पटेल,

सेमारी में दुर्गा और सराड़ा में आगा खान ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की। तीन पंचायत समितियों में निर्दलीयों की जीत ने यह साफ कर दिया कि स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ व्यक्तिगत प्रभाव और सदस्यों के समर्थन की भी अहम भूमिका रही।
सातों पंचायत समितियों के नवनिर्वाचित उपप्रधान

प्रधान चुनाव में भी नहीं चला किसी एक दल का जादू
इससे पहले 27 नवंबर को जिले की सातों पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए चुनाव हुए थे। इन चुनावों में भी राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था।
प्रधान चुनाव में भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) ने सराड़ा, सेमारी और जयसमंद में जीत दर्ज की। भाजपा ने सलूंबर और लसाड़िया में प्रधान पद हासिल किया। गींगला में कांग्रेस का प्रधान बना, जबकि झल्लारा में कांग्रेस से बागी हुए सदस्य ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की।
इस तरह प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों के चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रभाव देखने को मिला। जिले की पंचायत समितियों में बने इन नए राजनीतिक समीकरणों का असर आने वाले समय में स्थानीय राजनीति और विकास कार्यों पर भी दिखाई दे सकता है।
उपप्रधान चुनाव का राजनीतिक गणित:
भाजपा – 2 पंचायत समितियां
कांग्रेस – 2 पंचायत समितियां
निर्दलीय – 3 पंचायत समितियां






