जिला बाल वाहिनी समिति की बैठक में एसपी ने दिए निर्देश, जीपीएस, सीसीटीवी, हेल्पलाइन और हेलमेट पालन पर विशेष जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 28 जुलाई। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जिला बाल वाहिनी समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।बैठक में जिला परिवहन अधिकारी विपिन माहेश्वरी ने विद्यालय संचालकों और वाहन संचालकों को बाल वाहिनी योजना के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल वाहन पर हेल्पलाइन नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना चाहिए तथा सभी वाहनों में जीपीएस, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स और वैध दस्तावेजों के साथ अद्यतन फिटनेस प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।बैठक में स्कूल परिसरों के बाहर सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि विद्यालयों के आसपास आवश्यक रोड साइन, स्पीड ब्रेकर और अन्य चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि विद्यार्थियों के आवागमन के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका न्यूनतम रहे।पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने कहा कि स्कूल वाहन संचालकों और शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल परिवहन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण देना भी है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से तय मानकों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की। साथ ही विद्यालयों में नशामुक्त वातावरण को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने पर भी बल दिया।बैठक में दोपहिया वाहनों से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों और चालकों के लिए हेलमेट के अनिवार्य उपयोग पर भी जोर दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन से कहा गया कि वे नियमित रूप से हेलमेट पहनने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। इसके अलावा सभी स्कूल वाहनों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हर समय चालू और क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए, जिससे परिवहन व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की जा सके।बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी विद्यालय संचालकों से बाल वाहिनी नियमों का पूर्ण पालन करते हुए विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, अनुशासित और मानकों के अनुरूप परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!