सलूंबर, 16 अगस्त। जिले में जल एवं मृदा संरक्षण के साथ कृषि योग्य भूमि के विस्तार को लेकर जिला प्रशासन की पहल अब जमीन पर असर दिखाने लगी है। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देशन में बेंच टेरेसिंग कार्यों को प्राथमिकता से कराया जा रहा है। इसके तहत 16 अगस्त 2026 तक जिले में 447 बेंच टेरेसिंग कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। इन कार्यों से 447 किसानों को लाभ मिला है और 89.40 हेक्टेयर अतिरिक्त कृषि योग्य भूमि विकसित हुई है।
झल्लारा में सबसे अधिक 191 कार्य पूरे
जिले के झल्लारा, सलूंबर और लसाड़िया ब्लॉक में बेंच टेरेसिंग कार्य कराए गए हैं।
झल्लारा में 191 कार्य पूरे हुए, जिससे 191 किसानों को लाभ मिला और 38.20 हेक्टेयर भूमि विकसित हुई।
सलूंबर ब्लॉक में 135 कार्य पूर्ण कर 135 किसानों को लाभान्वित किया गया तथा 27 हेक्टेयर अतिरिक्त कृषि भूमि का सृजन हुआ।
वहीं लसाड़िया में 121 कार्य पूर्ण हुए। इससे 121 किसानों को लाभ मिला और 24.20 हेक्टेयर अतिरिक्त कृषि योग्य भूमि विकसित हुई।







