सलूम्बर नगर परिषद में सभापति पद पर कल होगा फैसला कैलाश गांधी और नरेश जैन आमने-सामने, 13 पार्षदों का समर्थन जरूरी; निर्दलीय और बीएपी पार्षदों की भूमिका अहम
सलूम्बर। नगर परिषद के सभापति पद को लेकर चल रही सियासी हलचल अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। सोमवार, 21 सितंबर को सभापति पद के लिए मतदान होगा। चुनाव मैदान में भाजपा की ओर से वार्ड 8 के पार्षद कैलाश चंद्र गांधी
और कांग्रेस की ओर से वार्ड 2 के पार्षद नरेश कुमार जैन
आमने-सामने हैं। दोनों दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं और अब नजरें मतदान के नतीजे पर टिकी हैं।
नगर परिषद के 25 वार्डों में बहुमत का आंकड़ा 13 पार्षदों का है। चुनाव परिणाम में भाजपा के 12, कांग्रेस के 11, बीएपी का 1 और निर्दलीय का 1 पार्षद निर्वाचित हुआ था। ऐसे में दोनों प्रमुख दल बहुमत जुटाने के लिए एक-एक पार्षद के समर्थन को महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
सभापति चुनाव में बीएपी और निर्दलीय पार्षद का रुख निर्णायक भूमिका में नजर आ रहा है। बहुमत के लिए जरूरी 13 का आंकड़ा दोनों दलों के लिए चुनौती बना हुआ है। यही वजह है कि मतदान से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
सोमवार को मतदान के बाद मतगणना होगी और इसके साथ ही यह तस्वीर साफ हो जाएगी कि सलूम्बर नगर परिषद की कमान अगले कार्यकाल में भाजपा के हाथ आती है या कांग्रेस के। चुनाव को लेकर पार्षदों और समर्थकों में भी खासा उत्साह बना हुआ है।
अब निगाहें 21 सितंबर के मतदान और उसके बाद आने वाले परिणाम पर हैं।