सलूंबर। पंचायत राज चुनाव को लेकर सलूंबर जिले में चुनाव कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया गया है। निर्वाचन विभाग की ओर से मंगलवार को जारी किए गए संशोधित आदेश के बाद जिले की सात में से चार पंचायत समितियों में मतदान अब चौथे चरण के बजाय तीसरे चरण में कराया जाएगा। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां भी तय कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में आगे बढ़ेंगी।
नए कार्यक्रम के तहत लसाड़िया, सेमारी, सलूंबर और गींगला पंचायत समितियों में अब 3 और 5 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। इससे पहले जिले की सभी सात पंचायत समितियों को चौथे चरण में शामिल किया गया था।
निर्वाचन विभाग के नए आदेश के बाद अब सलूंबर जिले में पंचायत समिति स्तर पर चुनाव दो अलग-अलग चरणों में होंगे। चार पंचायत समितियों के कार्यक्रम में बदलाव होने से प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को भी अपनी चुनावी रणनीति नए कार्यक्रम के अनुरूप तैयार करनी होगी।
चुनाव कार्यक्रम में बदलाव के बाद संबंधित पंचायत समितियों में नामांकन, जांच, नाम वापसी और प्रचार से जुड़ी गतिविधियां भी संशोधित समय-सारणी के अनुसार होंगी। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।






