राज्य मंच पर सलूंबर का डंका: पहली ही एंट्री में रचा इतिहास  शिक्षक क्रीड़ा–सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सलूंबर ने मारी बाज़ी, समूह गान में प्रदेश भर में द्वितीय स्थान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर ।राज्य स्तर पर पहली बार सहभागिता कर सलूंबर जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे राजस्थान में अपना परचम फहरा दिया है। राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रींगस (सीकर) में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सलूंबर जिले से पहुँचे शिक्षक दल ने समूह गान प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवांवित किया।
सलूंबर जिले से पहली बार राज्य स्तर पर समूह गान में प्रतिनिधित्व करने वाले इस दल ने अपने सशक्त गायन, लोकधुनों और भावपूर्ण प्रस्तुति से निर्णायकों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदेश के 36 से अधिक जिलों से आए दलों के बीच सलूंबर का यह प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा।
दल प्रभारी पंकज टेलर ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनेश रेगर के नेतृत्व में शिक्षक पंकज टेलर, भूपेंद्र पटेल, शंकर लाल प्रजापत, विक्रम सिंह भाटी, अतुल भावसार एवं चेतन कुमार साहू ने सामूहिक रूप से समूह गान की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी।
दल ने मायड़ भाषा के सिद्धहस्त कलमकार पद्मश्री डॉ. कन्हैयालाल सेठिया द्वारा रचित प्रसिद्ध गीत “धरती धोरा री” का भावपूर्ण गायन कर राजस्थान की लोकसंस्कृति, परंपरा और गौरव को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
विभिन्न लोक वाद्य यंत्रों की सधी हुई तान और समन्वित स्वर लहरियों के माध्यम से दल ने राजस्थानी अस्मिता को जीवंत कर दिया, जिसका परिणाम रहा कि सलूंबर को राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
प्रतियोगिता में एक और उपलब्धि हासिल करते हुए चेतन कुमार साहू ने विचित्र वेशभूषा के माध्यम से पॉलिथीन के दुष्प्रभाव विषय पर प्रभावी प्रस्तुति दी और राज्य स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।
इस ऐतिहासिक सफलता के बाद सलूंबर जिले में हर्ष और उत्साह का माहौल है। जिले के विभिन्न शिक्षक संगठनों, शिक्षाविदों और जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से दल को बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
सलूंबर की यह उपलब्धि आने वाले समय में जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!