जयपुर। भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार शाम गांधी नगर थाने में तैनात महिला उप निरीक्षक राजकुमारी जुनेजा को रिश्वत लेते हुए ट्रैप कर गिरफ्तार किया। बताया गया है कि एसआई ने धोखाधड़ी के पुराने प्रकरण में एफआर लगाने की एवज में 2 लाख रुपए की मांग की थी।
परिवादी की शिकायत पर एसीबी मुख्यालय ने तुरंत कार्रवाई का प्लान तैयार किया। प्राथमिक सत्यापन के बाद एसीबी चौकी नगर तृतीय की टीम ने जाल बिछाया। बुधवार शाम परिवादी को 1.25 लाख रुपए बतौर ट्रैप अमाउंट के रूप में देकर गांधी नगर थाने भेजा गया।
जैसे ही एसआई राजकुमारी जुनेजा ने पैसों की रकम हाथ में ली, बाहर तैनात एसीबी टीम तुरंत अंदर घुसी और उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम ने एसआई से पूछताछ शुरू कर दी है।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार आरोपी उप निरीक्षक प्रताप नगर के बृजपुरी क्षेत्र की रहने वाली है। गिरफ्तारी के बाद उसके आवास पर भी तलाशी की कार्रवाई जारी है, जिसमें और दस्तावेज तथा संभावित अवैध लेन-देन की जांच की जा रही है।एसीबी की इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।