गीगला पुलिस का बड़ा एक्शन: 80 भैंसों-पाड़ों से भरे दो ट्रक पकड़े, अवैध पशु परिवहन पर करारा वार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिले की गीगला थाना पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए 80 भैंसों व पाड़ों से भरे दो ट्रकों को जब्त कर दो चालकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत की गई।जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला के पर्यवेक्षण एवं वृत्ताधिकारी हेरम्ब जोशी के मार्गदर्शन में थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 16 दिसंबर 2025 की रात्रि गश्त के दौरान लोदा की ओर से आ रहे एक आईसर ट्रक (R 14 GU 4253) को संदेह के आधार पर रोका गया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जबकि केबिन में बैठे युवक ने अपना नाम दिनेश (20) निवासी रामाटांडा, डूंगरपुर बताया। जांच में ट्रक के भीतर डबल पार्टीशन बनाकर 42 भैंसों व पाड़ों को अमानवीय ढंग से ठूंस-ठूंस कर भरा पाया गया। पशुओं के पैर रस्सियों से बंधे हुए थे तथा चारे-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी।इसी दौरान एक अन्य ट्रक (R 14 GU 3895) को भी रोका गया, जिसमें 38 भैंसें व पाड़े क्रूरतापूर्वक भरे मिले। इस ट्रक के चालक दिनेश (32) निवासी समोडा, थाना झल्लारा, कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
दोनों ट्रकों से कुल 73 भैंसें एवं 7 पाड़े, कुल 80 पशु बरामद किए गए। पुलिस ने पशुओं की फोटोग्राफी करवाकर दोनों ट्रकों को जब्त किया तथा सभी पशुओं को ईडाणा माता गोशाला भेजा गया, जहां उनके चारे-पानी और देखरेख की उचित व्यवस्था की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) में प्रकरण दर्ज किया है। थाना परिसर में पुलिस को धमकाने एवं शांति भंग की आशंका के चलते आरोपियों को धारा 126-170 बीएनएसएस 2023 के तहत गिरफ्तार कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट, सलूम्बर के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के साथ एएसआई संतकुमार एवं कॉन्स्टेबल कैलाश कुमार शामिल रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!