बाढ़ के जख्मों पर 27 करोड़ का मरहम: सलूम्बर में 30 दिन में बदलेगा इंफ्रास्ट्रक्चर का नक्शा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। मानसून सत्र 2025 में अतिवृष्टि और बाढ़ से हुए भारी नुकसान के बाद सलूम्बर जिले के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने जिले के क्षतिग्रस्त सार्वजनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की तात्कालिक मरम्मत एवं पुनर्स्थापन के लिए 27.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह सहायता आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के माध्यम से जारी की गई है।
इस राशि से जिलेभर में क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों, रपटों, नालों, जल निकासी व्यवस्था तथा अन्य सार्वजनिक संरचनाओं को दुरुस्त किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए हर हाल में 30 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण कई क्षेत्रों में आवागमन और जनसुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। अब मरम्मत कार्य पूरे होने से ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में यातायात सुचारु होगा और आमजन को राहत मिलेगी। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए नियमित निरीक्षण और सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए हैं।
प्रशासन का मानना है कि तय समय-सीमा में कार्य पूरे होने से जिले में जनजीवन जल्द सामान्य होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। यह सहायता राशि सलूम्बर के लिए आपदा से उबरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!