सलूंबर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के “2 साल – नव उत्थान, नई पहचान” अभियान के अंतर्गत “बढ़ता राजस्थान – हमारा राजस्थान” की भावना को साकार करते हुए सलूंबर में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वन विभाग, सलूंबर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में “पेड़-पौधे मत करो नष्ट, साँस लेने में होगा कष्ट” तथा “हरियाली को बढ़ाना है, प्लास्टिक को हटाना है” जैसे नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसी क्रम में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर नागरिकों को प्रकृति से जुड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में विधायक शांता अमृतलाल मीणा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है और आमजन की सहभागिता से ही नव उत्थान–नई पहचान का संकल्प पूरा होगा।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सलूंबर नगर में जोश और उत्साह के साथ रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध ढंग से रैली निकालते हुए पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त समाज और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। रैली ने नगरवासियों को जागरूक करते हुए बढ़ता राजस्थान की दिशा में सकारात्मक माहौल बनाया।
कार्यक्रम में अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे आयोजन प्रेरणादायक और सफल रहा।