सलूम्बर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘नो हेलमेट–नो एंट्री’ अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को जिला कलेक्टर द्वारा जागरूकता पोस्टर का औपचारिक विमोचन किया गया।जिला कलेक्टर ने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। बावजूद इसके कई लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं में गंभीर चोटें व जानमाल की हानि हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को सार्वजनिक एवं सरकारी परिसरों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही यातायात पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
जिले भर में पोस्टर, बैनर और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि सलूंबर को दुर्घटनामुक्त जिला बनाया जा सके।