सलूंबर में यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान, बिना हेलमेट व लाइसेंस पर सख्ती
सलूंबर।
सलूंबर जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशानुसार जिला यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता एवं सख्ती अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन संचालन तथा बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।
जिला यातायात पुलिस प्रभारी देवीदयाल सिंह ने अपनी टीम के साथ नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूल-कॉलेज जाने वाले नाबालिग विद्यार्थियों को वाहन चलाते पाए जाने पर उन्हें मौके पर रोका गया और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही अभिभावकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में नाबालिग वाहन चलाते पाए गए तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत अभिभावकों पर जुर्माना एवं जेल तक का प्रावधान लागू किया जाएगा।
देवीदयाल सिंह ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल उनके लिए बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को वाहन न दें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, तीन सवारी बैठाने, तेज रफ्तार और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों के चालान भी काटे गए। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।