सलूंबर। जिला मुख्यालय सलूंबर से सोमवार को राज्य स्तरीय शिक्षक क्रीड़ा–सांस्कृतिक प्रतियोगिता के लिए जिले का चयनित और प्रतिभाशाली दल पूरे जोश और उत्साह के साथ रवाना हुआ। यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय आयोजन पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रिंगस (सीकर) में आयोजित किया जा रहा है।
दल प्रभारी पंकज टेलर ने बताया कि जिला खेल प्रभारी श्री कमलेश शर्मा एवं सांस्कृतिक प्रभारी तुलसीराम मेहता के कुशल निर्देशन में चयनित शिक्षक प्रतिभागी रिंगस के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। दल में दिनेश रेगर, भूपेंद्र पटेल, अतुल भावसार, चेतन कुमार साहू, शंकर लाल प्रजापत, विक्रम सिंह भाटी सहित अन्य शिक्षक शामिल हैं।
गौरतलब है कि जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में सलूंबर जिले के दल ने समूहगान, सुगम संगीत एवं विचित्र वेशभूषा जैसी विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया था। इसी उत्कृष्ट उपलब्धि के आधार पर दल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
राज्य मंच पर सलूंबर जिले की प्रतिभा एक बार फिर अपनी छाप छोड़ने को तैयार है। दल के प्रस्थान के समय शिक्षकों, सहकर्मियों और खेल-सांस्कृतिक प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन की कामना की।