मैथूड़ी में लेपर्ड का आतंकः खेत में किसान पर जानलेवा हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर जिले के गींगला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खेत पर काम कर रहे एक किसान पर लेपर्ड ने जानलेवा हमला कर दिया। जयसमंद झील कैचमेंट क्षेत्र के मैथूड़ी गांव निवासी उमेद सिंह खेत पर भैंस का चारा लेने गए थे, तभी घात लगाए बैठे लेपर्ड ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया।
लेपर्ड के हमले में किसान के सिर, हाथ व जांघ पर गहरे घाव आए, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। अचानक हुई इस घटना से खेतों में अफरा-तफरी मच गई। किसान की चीख-पुकार सुनकर पास ही खेत में काम कर रही लेबर मौके पर पहुंची और साहस का परिचय देते हुए लेपर्ड से भिड़कर किसान को उसके चंगुल से छुड़ाया। लेबर की तत्परता और सूझबूझ से किसान की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही गींगला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किसान को तत्काल गींगला अस्पताल भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल किसान की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सूचना पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। क्षेत्र में लेपर्ड की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के इलाके में लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।
घटना के बाद मैथूड़ी सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!