सलूंबर जिले के नागरिकों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अहम और सराहनीय कदम उठाया है। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के माध्यम से मेडिकल ऑफिसर एवं विषय विशेषज्ञों की संविदा (Contractual) आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाते हुए 17 मेडिकल ऑफिसर पदों पर नियुक्ति की अभिशंसा की गई है। इससे जिला अस्पताल सहित परिधीय एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकीय सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
नियमित भर्ती तक अंतरिम लेकिन प्रभावी व्यवस्था
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था नियमित भर्ती का विकल्प नहीं है, बल्कि नियमित पदस्थापन होने तक एक व्यावहारिक एवं आवश्यक अंतरिम उपाय है। विशेष रूप से सलूंबर जैसे ग्रामीण एवं जनजातीय जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
56 आवेदनों में से 17 का चयन
कार्यालय अध्यक्ष के निर्देशानुसार दिनांक 6 जनवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, सलूंबर में साक्षात्कार आयोजित किए गए। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 41 अभ्यर्थी फिजिकल रूप से उपस्थित रहे, जबकि 5 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लिया गया।
साक्षात्कार प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात मेरिट क्रमांक 1 से 17 तक के अभ्यर्थियों को मेडिकल ऑफिसर पद पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव एवं सेवा के प्रति तत्परता को प्रमुख आधार बनाया गया।
DMFT फंड से पारदर्शी नियुक्ति, मरीजों को सीधा लाभ
DMFT फंड के माध्यम से चिकित्सकों की संविदा नियुक्ति से जिले के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। इस पहल से
जिला अस्पताल एवं उपखंड स्तर पर डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी,
मरीजों को समय पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा,
तथा जिले से बाहर होने वाले अनावश्यक रेफरल में कमी आएगी।
जिला प्रशासन की यह पहल सलूंबर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।